मूसलाधार बारिश के चलते बस्तर जिले के सभी स्कूलों में आज अवकाश, त्रैमासिक परीक्षाएं स्थगित

 


जगदलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और क्षेत्र में बाढ़ जैसे बनते हालात को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आज गुरुवार को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय (निजी) और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।

बारिश के कारण केवल नियमित कक्षाएं ही प्रभावित नहीं हुई हैं, बल्कि आज आयोजित होने वाली त्रैमासिक परीक्षाओं को भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा गुरुवार काे जारी आदेश के अनुसार, आज की जगह यह परीक्षा अब अगले शाला दिवस (स्कूल खुलने वाले अगले दिन) आयोजित की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह से विद्यार्थियों की सेहत, सुरक्षा और उनके आवागमन में होने वाली संभावित परेशानियों को देखते हुए लिया गया है। ग्रामीण व निचले इलाकों में जलभराव और पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने की स्थिति को देखते हुए जोखिम न लेने की हिदायत दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल ने जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल समन्वयकों और स्कूल प्राचार्यों को इस आदेश का तत्काल और कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी बच्चा बारिश में स्कूल न पहुंचे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे