संभाग स्तरीय कुश्ती में दाे साै से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
धमतरी, 13 अगस्त (हि.स.)। शहर के आमा तालाब रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को रायपुर संभाग स्तरीय शालेय कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें पांच जिलों के 200 से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु और वजन वर्गों में दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के बाद 80 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
प्रतियोगिता में धमतरी, रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद और बलौदाबाजार जिले के खिलाड़ी शामिल हुए। फ्री स्टाइल कुश्ती स्पर्धा में अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के बालक और बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं ग्रीको रोमन स्पर्धा में अंडर-17 और 19 आयु वर्ग के केवल बालक खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए। विभिन्न वजन वर्गों में खिलाड़ियों ने कुश्ती के दांव-पेंच और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 80 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय शालेय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए किया गया है। ये खिलाड़ी राज्य स्तर पर रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से पहले रायपुर संभाग के चयनित बालक और बालिका खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी।व्यायाम शिक्षक खिलेंद्र साहू ने बताया कि राज्य स्तरीय शालेय कुश्ती प्रतियोगिता 20 से 23 अगस्त तक धमतरी में प्रस्तावित है। इसमें प्रदेश के पांचों संभागों से खिलाड़ी शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में व्यायाम शिक्षक हेमंत ठाकुर, पितांबर पटेल, लक्ष्मण साहू पहलवान, एनआईएस कोच विजय यादव, विकास सिंह ठाकुर, तामेश्वर साहू, ओंकार पटेल, गिरिश गजपाल, अनिरुद्ध निर्मलकर सहित विभिन्न जिलों से पहुंचे व्यायाम शिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा