सूरजपुर : पीएम श्री सेजेस जयनगर विद्यालय में 16 जून से शुरू होगा शाला प्रवेश उत्सव के साथ नया सत्र
सूरजपुर, 15 जून (हि.स.)। आज सोमवार को पीएम श्री सेजेस जयनगर विद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 16 जून से होने जा रही है। गर्मी की छुट्टियों के बाद विद्यालय परिसर एक बार फिर विद्यार्थियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है।
विद्यालय की प्राचार्य पुष्पा राय ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार सत्र के प्रथम दिवस को ‘शाला प्रवेश उत्सव’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले ही दिन विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया जाएगा, जिससे उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के प्रारंभ हो सके।
विद्यालय प्रशासन ने नए सत्र के लिए सभी अकादमिक एवं सह-अकादमिक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। पीएम श्री योजना के तहत विद्यालय में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक शिक्षण व्यवस्था एवं खेल सुविधाओं को और सशक्त किया गया है, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा सके।
प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पालकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को सत्र के पहले दिन से नियमित रूप से पूर्ण गणवेश (यूनिफॉर्म) में विद्यालय भेजें, ताकि वे शाला प्रवेश उत्सव का हिस्सा बन सकें और नई ऊर्जा के साथ अध्ययन की शुरुआत कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय