बलरामपुर : स्कूलों में लगे विशेष शिविर, विद्यार्थियों के बन रहे आय और जाति प्रमाण-पत्र
बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर जिले के स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए गए। विकासखंड शंकरगढ़ के विभिन्न विद्यालयों में शिविर लगाकर विद्यार्थियों के आय, जाति और निवास प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरगढ़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डीपाडीह और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरतपुर में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग के पटवारी, शिक्षा विभाग के संकुल समन्वयक, शिक्षक और विद्यार्थियों के अभिभावकों की मौजूदगी में आवेदन पत्रों की जांच और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।शिविर के दौरान करीब 34 प्रमाण-पत्र तैयार किए गए, जबकि शेष आवेदनों पर प्रक्रिया जारी है।
जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति, शासकीय योजनाओं और प्रवेश संबंधी कार्यों में समय पर जरूरी दस्तावेज मिल सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय