स्कूल बसों की हुई सघन जांच, बिना परमिट चल रही दो बसों पर 10 हजार का जुर्माना

 


धमतरी, 06 अगस्त (हि.स.)।धमतरी जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर परिवहन विभाग ने गुरुवार को स्कूल बसों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान दो स्कूल बसें बिना वैध परमिट के संचालित होती मिलीं, जिन पर परिवहन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

निरीक्षण के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, आवश्यक दस्तावेज, सुरक्षा मानकों तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों की भी गहन जांच की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी स्कूल बस संचालकों को परिवहन संबंधी नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा। बिना वैध परमिट अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परिवहन विभाग को समय-समय पर स्कूल वाहनों का नियमित निरीक्षण कर नियमों के प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा