सत्य साई बाबा जन्म शताब्दी महोत्सव में अखंड भजन संपन्न

 


जगदलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। श्रीसत्य साई सेवा समिति, जगदलपुर, जिला-बस्तर के तत्वाधान में आयोजित 'विश्व अखंड भजन' का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। 14 नवंबर (शनिवार) की संध्या 06 बजे से शुरू हुआ यह विश्व अखंड भजन, अनवरत चलते हुए साेमवार काे महामंगल आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ इसका समापन किया गया। समिति ने श्रीसत्य साई बाबा से सभी भक्तजनों के कल्याण की कामना की।

अखंड भजन के सफल समापन के बाद अब समिति द्वारा 17 से 23 नवंबर 2026 तक श्रीसत्य साई बाबा जी का जन्म शताब्दी समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। मोती तालाब पर स्थित साई मंदिर में होने वाले इस सात दिवसीय कार्यक्रम में नगर के सभी जाति, धर्म और संप्रदाय के लोगों को सादर आमंत्रित किया गया है। प्रतिदिन संध्या के समय तय कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा - संध्या 6:00 से 6:30 बजे तक: वेद पाठ, संध्या 6:30 से 7:00 बजे तक: सामूहिक भजन, संध्या 7:00 से 7:20 बजे तक: साई बाबा जी का संदेश एवं वीडियो शो, संध्या 7:20 से 7:55 बजे तक: बाल विकास के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, रात्रि 7:55 से 8:00 बजे तक: महामंगल आरती एवं प्रसाद वितरण हाेगा। 19 नवंबर को इस समारोह को महिला दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा। साथ ही बाल विकास के बच्चों द्वारा मातृका पूजन किया जाएगा और बच्चों के लिए रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा।

22 नवंबर (रविवार) को दोपहर 3:00 बजे साई मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर में पहुंचेगी, जहां स्वामी की महामंगल आरती और प्रसाद वितरण होगा। 23 नवंबर (सोमवार) को सुबह 5:30 बजे मंदिर में ओंकाराम एवं सुप्रभातम का आयोजन होगा। इसके बाद नगर संकीर्तन निकलेगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर में संपन्न होगी। इसके बाद मंदिर में ध्वजारोहण और आरती का कार्यक्रम होगा। इसी दिन सुबह 11:30 से दोपहर 4:00 बजे तक मोती तालाब पारा स्थित जैन वाटिका में महानारायण सेवा भंडारा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नगर के सभी भक्त सादर आमंत्रित हैं। स्वामी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में गरीब व्यक्तियों को कंबल का वितरण भी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे