सर्व शैक्षिक संगठन ने ऑनलाइन व गैर-शिक्षकीय कार्यों के विरोध में कलेक्टर काे साैंपा ज्ञापन
जगदलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। सर्व शैक्षिक संगठन, जिला बस्तर के प्रतिनिधिमंडल ने आज शुक्रवार काे बस्तर जिले के कलेक्टर से भेंटकर शिक्षकों पर लगातार बढ़ते ऑनलाइन एवं गैर-शिक्षकीय कार्यों के बोझ से उत्पन्न समस्याओं से अवगत करवाते हुए ज्ञापन साैंपा है ।
सर्व शैक्षिक संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों को प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन पोर्टल, एप एवं अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त रखा जा रहा है। कई कार्यों की पुनरावृत्ति होने के कारण शिक्षकों का बहुमूल्य समय प्रशासनिक एवं ऑनलाइन गतिविधियों में व्यतीत हो रहा है, जिसके चलते वे विद्यालय में बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। इसका प्रत्यक्ष प्रभाव बच्चों के मूलभूत शैक्षणिक एवं सीखने-सिखाने की प्रक्रिया पर पड़ रहा है।
सर्व शैक्षिक संगठन ने कलेक्टर से मांग की कि शिक्षकों को अनावश्यक एवं दोहराए जाने वाले ऑनलाइन तथा गैर-शिक्षकीय कार्यों से राहत प्रदान की जावे, ताकि शिक्षक अपना अधिकतम समय बच्चों की पढ़ाई एवं शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने में लगा सकें। कलेक्टर ने संगठन की बातों को गंभीरता से सुना और बिनोभा ऐप में दोहराये कार्य उपस्थिति, एमडीएम, वीडियो अपलोड की जगह फोटो, ओएमआर सीट के माध्यम से अटेंडेंस में फिलहाल रोक लगाते हुए, कलेक्टर ने निर्देश दिया कि बच्चों को किताबी ज्ञान के अलावा व्यवहारिक ज्ञान भी प्रदान करना चाहिए।
सर्व शैक्षिक संगठन ने कलेक्टर के सकारात्मक रुख के लिए आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों के अनावश्यक बोझ से राहत मिलेगी और विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाने का अवसर प्राप्त होगा। आज के भेंट में सर्व शैक्षिक संघ के गजेंद्र श्रीवास्तव, देवराज खूंटे, संजय चौहान, लुदर्शन कश्यप, अखिलेश त्रिपाठी, तुलादास मानिकपुरी, गणेश्वर नायक, काशीनाथ बघेल,एस एस जान, राम प्रभाकर मिश्रा, प्रमोद पांडे,श्रीमती नीलम मिश्रा सहित अन्य प्रतिनिधि माैजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे