यूजीसी नेट में संजीत कश्यप ने हासिल की सफलता, 99.46 प्रतिशत अंक के साथ बढ़ाया जिले का मान

 


रामानुजगंज के संजीत का असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सपना, सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों को दिया

बलरामपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। जिले के रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक-4 निवासी संजीत कश्यप ने यूजीसी नेट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.46 प्रतिशत अंक हासिल कर सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही परिचितों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। संजीत ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों को दिया है।

संजीत ने बताया कि यूजीसी नेट का रिजल्ट बीती रात करीब 11 बजे जारी हुआ। रिजल्ट में अपना नाम और बेहतर प्रदर्शन देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को मिलने के बाद पूरे घर में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों और मित्रों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

संजीत ने यूजीसी नेट की तैयारी के दौरान नियमित पढ़ाई और लगातार मेहनत को अपनी सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी में माता-पिता का सहयोग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और मित्रों का प्रोत्साहन लगातार मिलता रहा। इसी सहयोग और अपनी मेहनत के परिणामस्वरूप वे 99.46 प्रतिशत अंक हासिल करने में सफल रहे।

असिस्टेंट प्रोफेसर बनना है सपना

यूजीसी नेट में सफलता हासिल करने के बाद संजीत का लक्ष्य अब शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना है। उन्होंने बताया कि उनका सपना असिस्टेंट प्रोफेसर बनना है। इसके लिए वे आगे भी अपनी पढ़ाई और तैयारी जारी रखेंगे। उनका कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में काम करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना उनके भविष्य के लक्ष्यों में शामिल है।

संजीत की सफलता पर परिवार और क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उनकी उपलब्धि ने रामानुजगंज सहित पूरे जिले के युवाओं के लिए भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय