अम्बिकापुर : चेकिंग टीम के जवान को पीटकर गाड़ी छुड़ाने वाला मुख्य आरोपित और दो नाबालिग गिरफ्तार

 


अम्बिकापुर, 24 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले रेत तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर की केंद्रीय उड़नदस्ता टीम (खनिज शाखा) के नगर सैनिक के साथ मारपीट कर रेत से लदी गाड़ी जबरन छुड़ा ले जाने के मामले में पुलिस ने बुधवार काे मुख्य आरोपित लड्डन खान और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया है।

डीआईजी और एसएसपी राजेश अग्रवाल के कड़े दिशा-निर्देशों के बाद गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर यह सफलता हासिल की। मुख्य आरोपित के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। इस मामले में दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है।

यह पूरा मामला बीते 22 जून का है, जब रायपुर खनिज शाखा में पदस्थ नगर सैनिक तारकेश्वर वर्मा केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के साथ जांच के लिए सरगुजा संभाग आए हुए थे। जांच के दौरान उच्च अधिकारियों के निर्देश पर वे रेत से भरे एक संदिग्ध वाहन को जब्त कर अभिरक्षा में कलेक्ट्रेट परिसर अम्बिकापुर ले जा रहे थे। इसी बीच वाहन चालक सोनू टोप्पो ने वाहन मालिक का नाम लड्डन खान बताते हुए जवान को देख लेने की धमकी दी। जैसे ही गाड़ी गांधी चौक सिग्नल के पास पहुंची, वहां पहले से मौजूद वाहन मालिक लड्डन खान ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाड़ी को रुकवा लिया। इसके बाद आरोपितों ने ड्यूटी पर तैनात नगर सैनिक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और उनकी वर्दी फाड़ने की कोशिश की। आरोपितों ने जवान को पीछे से दबोच लिया, जिसका फायदा उठाकर चालक रेत से भरी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।

इस दुस्साहस के बाद पीड़ित नगर सैनिक तारकेश्वर वर्मा ने 23 जून को गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर हरकत में आई पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर पहले 24 घंटे के भीतर आरोपित सोनू टोप्पो और उसके पिता धनसिंह टोप्पो (निवासी सिलफिली, सूरजपुर) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इसके बाद टीम ने लगातार दबिश देकर मुख्य साजिशकर्ता लड्डन खान (निवासी भगवानपुर, अम्बिकापुर) और दो नाबालिगों को भी धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपितों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद मुख्य आरोपित को अदालत और नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस पूरी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा समेत आरक्षक रमन मण्डल, राहुल सिंह और मनीष सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह