बस्तर में बिना ई-टीपी नहीं ले जा सकेंगे रेत, 13 नए रेत घाटों की नीलामी हुई पूरी

 


जगदलपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले में रेत खदानों के व्यवस्थित संचालन, पर्यावरण संरक्षण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा शनिवार काे जिले में स्वीकृत 04 रेत खदानों के पट्टेदारों की महत्वपूर्ण बैठक ली गई।

बैठक में कलेक्टर छिकारा ने स्पष्ट एवं सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि जिले के भीतर संचालित सभी रेत खदानों का संचालन हर हाल में नियमों के अनुरूप ही किया जाए। पट्टेदारों को 'खनिज ऑनलाइन' पोर्टल पर यथाशीघ्र ऑनबोर्ड होने तथा रेत का उत्खनन कर परिवहन केवल ईटीपी (ई-टीपी) के माध्यम से करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही खान विकास एवं उत्पादन समझौता (एमपीडीए) द्वारा संचालित रेत खदानों की रॉयल्टी की सभी किश्तों को निर्धारित समय-सीमा में जमा करने, उत्खनन कार्य उत्खनन योजना के अनुसार ही करने और पर्यावरण नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।

जिले में निर्माण कार्यों के लिए ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं को भी खदानों से खनिज रेत का परिवहन ईटीपी के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिले में रेत की सुगमता से उपलब्धता बढ़ाने के लिए स्वीकृत 04 खदानों के अतिरिक्त 13 नवीन रेत घाटों को ई-नीलामी के माध्यम से आबंटित किया गया है। इन नए घाटों में पर्यावरण स्वीकृति की प्रक्रिया वर्तमान में प्रचलन में है और स्वीकृति प्राप्त होते ही खदान स्वीकृति की प्रक्रिया यथाशीघ्र पूरी कर ली जाएगी। वर्तमान स्थिति में संचालित रेत खदानों एवं भंडारण क्षेत्रों से विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए ई-टीपी के माध्यम से रेत का परिवहन किया जा सकता है। वहीं जिले में खनिज रेत के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज अमला व जिलास्तरीय टास्क फोर्स दल द्वारा निरंतर जांच और कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे