सक्ती: यात्रियों से भरा वाहन पलटा, 35 लोग घायल

 


सक्ती, 23 जून (हि. स.)। जिले के डभरा थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर ग्राम छुहीपाली के पास यात्रियों से भरा एक छोटा हाथी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में करीब 35 लोग घायल हो गए, जिनमें कई महिलाओं सहित चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम कोसीर निवासी के लोग ग्राम धुरकोट में आयोजित समधियान कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी भोजन कर छोटा हाथी वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। वाहन में करीब 35 से 40 लोग सवार थे। सोमवार शाम लगभग पांच बजे जब वाहन डभरा-खरसिया मार्ग स्थित ग्राम छुहीपाली के पास पहुंचा, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण बिगड़ते ही वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण सहायता के लिए दौड़ पड़े।

दुर्घटना में कई महिलाओं के हाथ-पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना है, जबकि अन्य यात्रियों को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को रायगढ़ रेफर किया गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT