केशकाल के सगीर खान को एक वर्ष के लिए किया जिला बदर, पांच जिलों में प्रतिबंधित

 


काेंड़ागांव, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले के केशकाल क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले सगीर खान के खिलाफ केशकाल पुलिस की पहल पर जिला दण्डाधिकारी कोण्डागांव ने बुधवार काे आरोपित को एक वर्ष के लिए जिला बदर करने का आदेश जारी किया है।

इस आदेश के तहत अब सगीर खान को कोण्डागांव समेत पांच जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहना होगा। केशकाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त और अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सगीर खान (47 वर्ष), निवासी मौजमपारा केशकाल के खिलाफ वर्ष 2005 से 2023 के बीच केशकाल सहित अन्य थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें मारपीट, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, धमकी देने सहित अन्य अपराध शामिल हैं। उसके खिलाफ समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

पुलिस का कहना है कि लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद आरोपित के व्यवहार में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उसकी गतिविधियों से क्षेत्र की शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। इसी को देखते हुए केशकाल पुलिस ने जिला बदर की कार्रवाई के लिए विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया और वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद जिला दण्डाधिकारी कोण्डागांव ने 16 नवंबर 2026 को जिला बदर का आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार सगीर खान को कोण्डागांव, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर और धमतरी जिले की राजस्व सीमाओं से एक वर्ष तक बाहर रहना होगा। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आदेश की तामीली होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को संबंधित पांचों जिलों की सीमाओं से बाहर जाना होगा। वह 15 नवंबर 2027 से पहले इन जिलों में प्रवेश नहीं कर सकेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे