महान क्रिकेेटर सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल काे छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा दाैरे पर

 


दंतेवाड़ा, 19 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के लिए 22 अप्रैल का दिन खास होने जा रहा है। देश के महान क्रिकेटर के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अपने परिवार के साथ दंतेवाड़ा जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। सचिन तेंदुलकर के आगमन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। वे छिंदनार, पोटाली और जावंगा समेत कई स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

इस दौरान वे ग्रामीण और आश्रम स्कूलों के बच्चों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से सीधे संवाद कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे। जिला प्रशासन इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में जुटा हुआं है। अधिकारियों का मानना है कि सचिन तेंदुलकर का यह दौरा जिले के बच्चों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढने की नई ऊर्जा देगा।

उल्लेखनीय है कि दंतेवाड़ा में सचिन तेंदुलकर की संस्था के माध्यम से खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिसके तहत जिले के 25 से अधिक स्कूलों और आश्रमों में खेल मैदान विकसित किए गए हैं और बच्चों को प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। अपने दौरे के दौरान सचिन इन व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें मार्गदर्शन देंगे। यह दौरा न केवल बच्चों के लिए यादगार होगा, बल्कि दंतेवाड़ा को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सचिन तेंदुलकर के फाउंडेशन द्वारा खेल गतिविधियां जारी रखने के लिए दंतेवाड़ा के प्राथमिक शाला और मिडिल स्कूलों में मुख्य रूप से खेल मैदान विकसित करवाया जा रहा है। छोटी सी जगह में भी सभी खेल के मैदान कैसे बनते हैं, इसका प्रशिक्षण भी शिक्षकों को दिया गया है।

गाैरतलब हाे कि हाल ही में सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन की टीम दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आई थी, इस दौरान उन्होंने जन स्वास्थ्य सहयोग (गनियारी) संस्था का दौरा किया था। पहले दिन मुंगेली स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुदूर वनांचल ग्राम बम्हनी में पहुंचकर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली, डॉ. अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने दौरे के दूसरे दिन बिलासपुर में गनियारी जन स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे