जांजगीर-चांपा : रोजगार दिवस के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी, मनरेगा और पीएम आवास पर रहा फोकस

 


जांजगीर-चांपा 8 जून (हि. स.)। ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, रोजगार सृजन तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को गति देने के उद्देश्य से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में सोमवार को रोजगार दिवस एवं प्रधानमंत्री आवास दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मनरेगा एवं आवास योजनाओं की ग्रामीणों को जानकारी प्रदान की गई तथा अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल की जा रही है। रोजगार दिवस के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार मांग पंजीयन, श्रमिक जागरूकता, परिसंपत्ति निर्माण, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्यों तथा आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों के संबंध में चर्चा की गई।

ग्रामीण श्रमिकों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के प्रावधानों, रोजगार प्राप्त करने की प्रक्रिया, मजदूरी भुगतान व्यवस्था एवं उपलब्ध कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मोर गांव-मोर पानी अभियान के तहत जल संरक्षण एवं जल संवर्धन संरचनाओं के निर्माण के बारे में विस्तार से बताया गया। वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए तालाब गहरीकरण, आजीविका डबरी निर्माण, जल संचयन एवं अन्य प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। आगामी पौधरोपण अभियान की सफलता के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन, गड्ढा खुदाई, पौधों की उपलब्धता एवं संरक्षण संबंधी तैयारियों से भी अवगत कराया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। साथ ही विकसित भारत-जी-रामजी अभियान की प्रमुख विशेषताओं एवं उद्देश्यों की जानकारी भी दी गई। मनरेगा योजना की जानकारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी ग्रामीणों तक पहुंचाई गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, मनरेगा हितग्राहियों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT