जांजगीर चांपा: जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में आयोजित हुआ रोजगार दिवस एवं चावल उत्सव

 




जांजगीर-चांपा, 7 अक्टूबर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में आज बुधवार काे जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत आज रोजगार दिवस, आवास दिवस एवं चावल उत्सव का आयोजन किया गया।

इस दौरान ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा ग्राम विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

रोजगार दिवस के अवसर पर विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की भागीदारी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को ग्राम पंचायत के विकास की प्राथमिकताओं के निर्धारण एवं योजना निर्माण में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया गया। ग्राम पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर योजनाओं एवं विकास कार्यों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए ग्रामीणों को जागरूक एवं प्रोत्साहित किया गया। इसके साथ ही विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में 375 अनुमेय कार्यों के माध्यम से अधोसंरचना विकास एवं रोजगार सृजन की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

रोजगार दिवस में ग्राम पंचायतों में स्वीकृत विभिन्न कार्यों की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत की गई तथा स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर अधिक से अधिक ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही कार्यस्थल पर श्रमिकों की सहभागिता एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी गई। आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा हितग्राहियों को अपने आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

वहीं चावल उत्सव के माध्यम से ग्रामीणों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण एवं संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ ग्राम स्तर पर विकास कार्यों, रोजगार सृजन, आवास निर्माण और जनभागीदारी को गति प्रदान करना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT