लुटेरा गिरोह का भंडाफोड़, एक नाबालिग सहित छह आरोपित गिरफ्तार

 




कवर्धा, 02 मार्च (हि.स.)। जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरा गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। कार्रवाई के दौरान एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के कब्जे से नकदी रकम, लूट में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरोह ने अपने गैंग का नाम ‘छल्ला’ रखा हुआ था और सभी आरोपित कुकदुर थाना क्षेत्र के ही निवासी बताए जा रहे हैं।

जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने साेमवार काे पत्रकारवार्ता में बताया कि यह गिरोह पिछले कई महीनों से क्षेत्र में सक्रिय था। अंधेरे और सुनसान रास्तों पर राहगीरों तथा स्थानीय व्यापारियों को रोककर उनसे लूटपाट की जाती थी। विरोध करने पर आरोपिताें द्वारा जान से मारने की धमकी दी जाती थी। कई मामलों में पीड़ितों के साथ मारपीट कर उनके हाथ-पैर तक तोड़ दिए गए।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने आरोपिताें की गतिविधियों पर नजर रखी और सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि कुकदुर एक बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहां इस गिरोह ने दहशत का माहौल बना रखा था। बाहरी लोगों और व्यापारियों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया जाता था। एसपी ने कहा कि आरोपितों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।

पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल