28.48 करोड़ से संवरेगी जिले की सड़कें, शहर से गांव तक विकास को रफ्तार

 


धमतरी, 26 मार्च (हि.स.)। जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 28.48 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक आवागमन और सुविधाएं बेहतर होंगी।

महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से मिली इस स्वीकृति के तहत विधानसभा क्षेत्र के छाती–गागरा–कंडेल–देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 25.04 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। निर्माण कार्य के बाद इस मार्ग पर आवागमन तेज और सुरक्षित होगा। इसके अलावा बंद्रा–नवागांव मार्ग के निर्माण को भी हरी झंडी मिल गई है। इस सड़क के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा और यातायात सुगम होगा। शहर की सड़क को भी सुधारा जाएगा।

मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत दानीटोला स्कूल चौक से ट्रेंचिंग ग्राउंड, सीताकुंड तालाब होते हुए गर्ल्स कॉलेज तक सीसी रोड और रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 3.44 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस मार्ग पर हर वर्ष जलभराव और सड़क क्षति की समस्या बनी रहती थी, जिससे अब राहत मिलने की उम्मीद है। महापौर रामू रोहरा ने स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से धमतरी को मजबूत आधारभूत संरचना और बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा