कोरबा : गोकुलगंज से सीतामणी मेन रोड तक सड़क डामरीकरण कार्य प्रारंभ

 


महापौर संजूदेवी राजपूत ने पूजा अर्चना कर कार्य प्रारंभ कराया, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित पार्षदगणों, जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

कोरबा 17 जून (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रातंर्गत पुराने कोरबा शहर स्थित मोतीसागरपारा के गोकुलगंज से सीतामणी मेन रोड तक सड़क डामरीकरण का कार्य आज शनिवार काे प्रारंभ हुआ। महापौर संजूदेवी राजपूत ने पूजा अर्चना कर कार्य का शुभारंभ कराया। इस मौके पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन सहित निगम के पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण एवं काफी संख्या में आमनागरिकगण उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत के सतत प्रयासों से निगम क्षेत्र में हो रहे व्यापक विकास कार्यो के साथ-साथ लगभग 15 करोड़ रूपये के सड़क डामरीकरण के कार्य स्वीकृत हुये थे, इन सड़क डामरीकरण के कार्यो को डामर की उपलब्धता के आधार पर क्रमशः प्रारंभ कराया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्र. 08 मोतीसागरपारा गोकुलगंज से सीतामणी मेन रोड तक 20 लाख रूपये की लागत से बहुप्रतीक्षित सड़क डामरीकरण का कार्य किया जाना हैं, जिसका शुभारंभ आज किया गया।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने इस मौके पर पूजा अर्चना की तथा कार्य को प्रारंभ कराया, उन्होने पूरी गुणवत्ता के साथ डामरीकरण का कार्य करते हुये कार्य को शीघ्र पूर्ण किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। इस मौके पर महापौर राजपूत ने कहा कि आज यहॉं बहुप्रतीक्षित सड़क डामरीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया है, सड़क के निर्माण से यहॉं का आवागमन सुगम होगा तथा आवागमन में होने वाली परेशानियॉं दूर होंगी। उन्होने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के विकास एवं यहां पर जनसुविधाओं के विस्तार के लिये लगातार विकास कार्य किये जा रहे हैं, जिनके कारण समस्याएं दूर हो रही हैं तथा लोगों की परेशानियॉं खत्म हो रही हैं।

उन्होने कहा कि कोरबा नगर निगम क्षेत्र के समस्त 67 वार्डो में समान रूप से विकास कार्य कराये जा रहे हैं तथा जनताजनार्दन की मांग व आवश्यकता को सम्मान देते हुये इस दिशा में सर्वप्राथमिकता के साथ कार्य हो रहे हैं। इस मौके पर वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर संजूदेवी राजपूत के मार्गदर्शन में नगर निगम कोरबा क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है, व्यापक पैमाने पर विकास कार्य कराये जा रहे हैं तथा बरसों की समस्याओं को दूर किया जा रहा है। उन्होने कहा कि हम जनप्रतिनिधियों का यह प्रथम दायित्व बनता है कि हम बिना किसी भेदभाव के केवल जनताजनार्दन की इच्छा का सम्मान करते हुये अपने दायित्वों का निर्वहन करें, तथा आमनागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करायें, मुझे खुशी है कि इस दिशा में बडे़ पैमाने पर निगम द्वारा कार्य लगातार कराये जा रहे हैं।

इस अवसर पर पार्षद रूबीदेवी सागर, उर्वशी राठौर, राधा महंत, धनश्री साहू, उपेन्द्र पटेल, ईश्वर पटेल, रामशंकर साहू, प्रमिला सागर, भाजपा कोरबा मण्डल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, पूर्व पार्षद सुफलदास महंत, रंजू यादव, रितु जायसवाल, विजय गुप्ता, नवीन जायसवाल, राजेन्द्र राजपूत, बीरू पाहुजा, सुखदेव सिंह संधू, भोलू यादव, उत्तम पाठक, नागेन्द्र सिंह आदि के साथ काफी संख्या में आमनागरिकगण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी