धमतरी में सड़क विकास को मिली नई रफ्तार, कई मार्गों का निर्माण और डामरीकरण पूरा
धमतरी, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए निर्माण, चौड़ीकरण और उन्नयन के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से नई सड़कों के निर्माण के साथ पुराने मार्गों का नवीनीकरण और डामरीकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में कुरमातराई-अरकार मार्ग पर बीटी (बिटुमिनस टॉप) सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कई सड़कों का डामरीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 10 प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर निर्माण और निविदा संबंधी प्रक्रियाएं जारी हैं। सड़क विकास के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, पुराने मार्गों को बेहतर बनाने और बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है।
धमतरी शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में टू-लेन और फोरलेन सड़कों के निर्माण के साथ पुल-पुलियों के उन्नयन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रमुख परियोजनाओं में सिहावा चौक से कोलियारी तक 5 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क तथा मुजगहन से रत्नाबांधा चौक तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य प्रगतिरत है। आमदी नगर पंचायत क्षेत्र में 3.50 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण की निविदा प्रक्रिया जारी है। वहीं अंबेडकर चौक से गंगरेल तक 11.50 किलोमीटर लंबी फोरलेन एवं टू-लेन सड़क परियोजना भी निविदा प्रक्रिया में है। इसके अलावा कुरुद-चर्रा-छाती-उडे़ना-झिरिया-कुंडेल-भोथली-बोंडरा-संबलपुर मार्ग के लगभग 16 किलोमीटर हिस्से का निर्माण प्रस्तावित है।
धमतरी से बागतराई मार्ग के 2.80 किलोमीटर तथा छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के निर्माण की निविदा प्रक्रिया चल रही है। इसी तरह गुजरा से रीवागहन मार्ग के 2.80 किलोमीटर, देमार से बरसी मार्ग के 4.90 किलोमीटर तथा सिविल लाइन कॉलोनी से धमतरी पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य भी प्रगतिरत हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। फोरलेन सड़कों से यातायात का दबाव कम होने के साथ यात्रा का समय घटेगा और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। बेहतर सड़क नेटवर्क का सीधा लाभ किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और मरीजों सहित आम नागरिकों को मिलेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों से कृषि उपज को मंडियों और बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। वहीं स्कूल-कॉलेज, स्वास्थ्य केंद्रों और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में भी सुविधा होगी। सड़क संपर्क बेहतर होने से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार की गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिले में बेहतर सड़क अधोसंरचना का विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को मजबूत करने का आधार हैं। उन्होंने स्वीकृत एवं प्रगतिरत सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, डामरीकरण और पुल-पुलियों के कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं। साथ ही निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने और कार्यों में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा