कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सड़कों और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा, कार्यों में तेजी के निर्देश

 




कोरबा, 07 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के दूरस्थ एवं पीवीटीजी बाहुल्य क्षेत्रों का आज शुक्रवार को दौरा कर सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्तापूर्ण निर्माण समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने ग्राम सरमा से पसान मार्ग का निरीक्षण किया। सड़क पर मिले गड्ढों को तत्काल सुधारने के निर्देश एसईसीएल रानी अटारी के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कोयला परिवहन वाले इस मार्ग पर ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने पीएम जनमन योजना के तहत लैंगा से सेमरा-सैला-जिल्दा तक बन रही 14.30 किलोमीटर सड़क का निरीक्षण कर इसे 15 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कटोरी नगोई-केशलपुर मार्ग पर पीएमजीएसवाई के तहत बन रही 6.90 किलोमीटर सड़क के अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराने के लिए रेलवे अधिकारियों से समन्वय करने कहा।

इसके बाद कलेक्टर ने पसान स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन और एसडीएम मनोज कुमार भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी