पुरानी पेंशन की मांग को लेकर अधिकार मंच ने उद्योग मंत्री को सौंपा संयुक्त ज्ञापन
कोरबा, 27 सितम्बर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अधिकारी-कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ दिलाने की मांग को लेकर विद्युत अधिकारी-कर्मचारी ओपीएस बहाली अधिकार मंच के बैनर तले प्रदेशव्यापी अभियान जारी है। इसी क्रम में रविवार को अधिकार मंच से जुड़े विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उद्योग मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन से मुलाकात कर विद्युत कंपनी में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर संयुक्त ज्ञापन सौंपा।
अधिकार मंच के प्रतिनिधियों ने मंत्री को बताया कि राज्य शासन के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू हुए लंबा समय बीत चुका है, लेकिन छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी अब भी ओपीएस के लाभ से वंचित हैं। मंच के अनुसार ऊर्जा विभाग द्वारा 6 अक्टूबर 2023 को विद्युत कंपनी के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन लागू करने के संबंध में सैद्धांतिक सहमति दी जा चुकी है, इसके बावजूद अब तक इस संबंध में आदेश जारी नहीं किया गया है।
मंच की ओर से मंत्री को प्रदेशभर में चलाए जा रहे पुरानी पेंशन बहाली अभियान की जानकारी देते हुए बताया गया कि अकेले कोरबा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 3,000 से अधिक तथा पूरे प्रदेश में करीब 8,500 से 9,000 अधिकारी-कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना के लाभ से वंचित हैं। प्रतिनिधियों ने मंत्री से इस मामले में शासन एवं विद्युत कंपनी प्रबंधन के स्तर पर सार्थक पहल करते हुए ओपीएस बहाली के लिए विशेष प्रयास करने का आग्रह किया।
चर्चा के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि सोमवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंत्री समूह की आंतरिक बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस बैठक में विद्युत कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाली के विषय को उनकी ओर से रखा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि 30 सितंबर 2026 को प्रदेश शासन की कैबिनेट बैठक प्रस्तावित है। मंत्री ने अधिकार मंच के प्रतिनिधियों को सलाह दी कि कैबिनेट के समक्ष ऊर्जा विभाग एवं विद्युत कंपनी प्रबंधन की ओर से ओपीएस बहाली संबंधी प्रस्ताव प्रस्तुत कराने के लिए मंच को भी अपने स्तर पर प्रयास करना चाहिए।
मंत्री ने अधिकार मंच को आश्वस्त किया कि विद्युत कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग के संबंध में उनकी ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मंच ने मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को आगे विस्तार देने की बात कही।
इस अवसर पर अभियंता संघ, आरक्षित वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संघ, पत्रोपाधि अभियंता संघ, डॉक्टर्स एसोसिएशन, ऑफिसर्स एसोसिएशन, फेडरेशन-01, इंटक-56, बिजली उत्पादन कर्मचारी संघ एवं कर्मचारी जनता यूनियन सहित अधिकार मंच में शामिल विभिन्न संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी