कोरबा के करतला में जमीन सीमांकन को लेकर बवाल, आरआई- पटवारी को बंधक बनाने का आरोप, वीडियो वायरल
कोरबा, 11 मई (हि. स.)। कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सीमांकन के दौरान गांव में जमकर हंगामा हुआ और राजस्व निरीक्षक (आरआई) तथा पटवारी को कथित रूप से बंधक बनाए जाने का मामला दर्ज किया गया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला ग्राम नोनबिर्रा के बनियापारा का है। जानकारी के अनुसार बाल्को निवासी भरत चौहान, जो नोनबिर्रा हल्का में पटवारी पद पर पदस्थ हैं, ने करतला थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि न्यायालय नायब तहसीलदार करतला के आदेश के पालन में वे राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह के साथ 8 मई 2026 को ग्राम नोनबिर्रा पहुंचे थे। यहां खसरा नंबर 643/1 रकबा 0.085 हेक्टेयर भूमि के सीमांकन की कार्रवाई की जानी थी।
पटवारी के मुताबिक नियमानुसार सूचना देने के बाद सीमांकन कार्य शुरू किया गया। मौके पर मौजूद आवेदक संतराम और उसके परिवार को भूमि की नापजोख संबंधी जानकारी भी दी गई। इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि संतराम, उसके पुत्र लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल ने सीमांकन पर आपत्ति जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने आरआई और पटवारी पर गलत सीमांकन करने तथा पैसे लेकर पक्षपात करने का आरोप लगाया। इस दौरान सरकारी अधिकारियों की कार के पीछे मोटरसाइकिल खड़ी कर उन्हें मौके से जाने से रोक दिया गया। आरोप है कि करीब दो घंटे तक दोनों अधिकारियों को वहां रोके रखा गया।
पटवारी ने शिकायत में यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा रस्सी लाकर बांध देने की धमकी दी गई। वहीं लीलाधर पटेल ने कथित तौर पर उसी रस्सी से आत्महत्या करने और अधिकारियों को फंसाने की धमकी भी दी। घटना के कारण सीमांकन का शासकीय कार्य प्रभावित हुआ और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
दूसरी ओर ग्रामीणों और परिवार का आरोप है कि वर्षों से जमीन सीमांकन की समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि जिस जमीन का सीमांकन होना चाहिए, उसकी बजाय दूसरी जमीन की नापी की जा रही है, जिससे उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसी विवाद को लेकर मौके पर बहस और हंगामा हुआ।
इस पूरे मामले में करतला पुलिस आज ने पटवारी भरत चौहान की शिकायत पर संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल के खिलाफ धारा 126(2), 221, 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी