जांजगीर-चांपा में लखपति दीदी पहल की समीक्षा, कलेक्टर ने महिलाओं की आय बढ़ाने पर दिया जोर

 




जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत लखपति दीदी पहल और ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक ली। बैठक में ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान लखपति दीदी पहल की प्रगति, ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना के क्रियान्वयन, विभिन्न विभागों की योजनाओं के अभिसरण और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। कलेक्टर महोबे ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की मैदानी स्थिति की जानकारी लेते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में लखपति दीदियों ने अपनी सफलता की कहानियां भी साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उन्हें विभिन्न आजीविका गतिविधियों और शासकीय योजनाओं का लाभ मिला, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई। समूह के माध्यम से मिले अवसरों ने उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद की।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने लखपति दीदियों की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने सफल महिलाओं से अपनी गतिविधियों का विस्तार करने के साथ-साथ अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि लखपति दीदी पहल का उद्देश्य केवल महिलाओं की आय बढ़ाना नहीं है, बल्कि उन्हें स्थायी और बेहतर आजीविका के साधनों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए विभिन्न विभागों की योजनाओं का प्रभावी अभिसरण जरूरी है। पात्र महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को उनकी जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण, ऋण, आजीविका गतिविधियों और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना की कार्ययोजना तैयार करने और ग्राम सभाओं में ग्राम गरीबी उन्मूलन योजना के प्लान को शामिल कराने को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने समूह स्तर पर उपलब्ध राशि के उपयोग और उससे संचालित की जाने वाली आवश्यक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की प्राथमिकताओं के अनुरूप उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर महोबे ने जनपद पंचायत और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के लिए आजीविका के नए एवं बेहतर अवसर विकसित करने, उनकी आय में वृद्धि करने और अधिक से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि लखपति दीदियों की सफलता की कहानियों को अन्य ग्रामीण महिलाओं तक पहुंचाया जाए, ताकि वे भी प्रेरित होकर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ें और अपनी आय बढ़ाने के लिए उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आरके तम्बोली, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT