जर्जर अटल आवास से दहशत में रहवासी

 




धमतरी, 08 जून (हि.स.)। सोरिद वार्ड के डिपोपारा स्थित अटल आवास की जर्जर हालत से परेशान रहवासी सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे और नए सिरे से आवास निर्माण की मांग उठाई। रहवासियों का कहना है कि भवन की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। दीवारों में दरारें बढ़ती जा रही हैं, छत से लगातार प्लास्टर टूटकर गिर रहा है और भवन के कई हिस्से कमजोर हो चुके हैं।

रहवासियों ने बताया कि पूर्व में सीढ़ी खिसकने की घटना में एक मां और उसकी बेटी घायल हो गई थीं, जिसके बाद से लोगों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि दीवार में हल्का सा ठोंकने पर भी प्लास्टर और कंक्रीट के टुकड़े भरभराकर गिरने लगते हैं, जिससे आवास की मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सावित्री बाई, सौहाद्र और बिसाहिन ने बताया कि अटल आवास में रहने वाले परिवार लगातार असुरक्षा की भावना के बीच जीवन यापन कर रहे हैं और कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। वहीं त्रिवेणी साहू और गोमती ध्रुव ने कहा कि केवल मरम्मत से काम नहीं चलेगा, बल्कि रहवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए सिरे से भवन का निर्माण कराया जाना चाहिए। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि जर्जर आवासों का तत्काल सर्वे कराकर नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले लोगों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा