वार्ड की समस्या को लेकर हस्ताक्षर लिखे बैनर को लेकर वार्डवासियों ने निकाली पदयात्रा

 


धमतरी, 29 मई (हि.स.)। सुशासन त्योहार के बीच डाक बंगला वार्ड के रहवासियों ने अपनी समस्याओं को अनोखे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन तक पहुंचाया। शुक्रवार को वार्ड में आयोजित शिविर के पूर्व वार्डवासियों ने सफेद कपड़े को अपनी पीड़ा और संघर्ष का प्रतीक बनाते हुए उस पर अपनी प्रमुख मांगें लिखीं, हस्ताक्षर किए और फिर पदयात्रा निकालकर शिविर स्थल पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। लोगों ने हाथों में मांग पत्र लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी आवाज बुलंद की। सफेद कपड़े पर लिखी मांगों ने हर किसी का ध्यान आकर्षित किया और वार्डवासियों की समस्याओं को सीधे प्रशासन के सामने रख दिया। रहवासियों ने मांग की कि पट्टा विहीन परिवारों को शीघ्र पट्टा प्रदान किया जाए, पिछले पांच माह से बंद वृद्धा एवं विधवा पेंशन तत्काल शुरू की जाए, दूषित पेयजल की सप्लाई बंद कर स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए, प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी हुई किस्त जारी की जाए तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द चालू कराया जाए।

शिविर स्थल पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि पट्टा, पेंशन, पेयजल, आवास योजना और स्ट्रीट लाइट से जुड़ी समस्याओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम ने कहा कि सफेद कपड़ा वार्डवासियों की पीड़ा, उम्मीद और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्षों से कई गरीब परिवार पट्टे का इंतजार कर रहे हैं, बुजुर्ग पेंशन नहीं मिलने से परेशान हैं और दूषित पानी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने शासन से वार्ड की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देकर जल्द राहत प्रदान करने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा