रुद्री रोड फोरलेन की घोषणा से रहवासियों में दहशत

 


रोजगार छिनने और मकान टूटने की आशंका, बैठक में जताया विरोध

धमतरी, 19 मई (हि.स.)। सीएम विष्णुदेव साय के धमतरी दौरे के बाद रुद्री रोड क्षेत्र के रहवासियों में चिंता और दहशत का माहौल बन गया है। रविवार को सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महापौर और विधायक की मांग पर अंबेडकर चौक से रुद्री रोड तक फोरलेन सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। इसके बाद फोरलेन की जद में आने वाले गोकुलपुर और महात्मा गांधी वार्ड के लोगों की चिंता बढ़ गई है।

रहवासियों का कहना है कि फोरलेन निर्माण से बड़ी संख्या में मकान और दुकानों पर असर पड़ेगा। कई परिवारों के सामने रोजगार और आशियाना दोनों बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को लक्ष्मी निवास चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में क्षेत्रवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि सरकार एक ओर रोजगार उपलब्ध कराने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर फोरलेन निर्माण से छोटे व्यापारियों और दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाएगा।

बैठक में विशेष रूप से भटगांव चौक से कर्मा चौक तक के रहवासियों ने चिंता जताई कि सड़क चौड़ीकरण होने पर उनके मकान रहने योग्य नहीं बचेंगे। अधिकांश घरों के सामने दुकानें संचालित होती हैं, जिनसे परिवारों का जीवनयापन चलता है। फोरलेन बनने की स्थिति में ये दुकानें पूरी तरह टूट सकती हैं। रहवासियों ने यह भी कहा कि शहर के सदर क्षेत्र में आए दिन यातायात जाम की समस्या बनी रहती है, लेकिन उस दिशा में ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

वहीं रुद्री रोड में पहले ही महापौर की पहल पर अमलतास के सामने से पॉलिटेक्निक तक नहर किनारे सड़क निर्माण की घोषणा हो चुकी है। उनका मानना है कि इससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो जाएगा। बैठक में शामिल लोगों ने स्पष्ट किया कि वे सड़क चौड़ीकरण के विरोध में नहीं हैं, लेकिन घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सीमित चौड़ीकरण कर समाधान निकाला जा सकता है। इससे विकास कार्य भी प्रभावित नहीं होगा और लोगों के मकान व रोजगार भी सुरक्षित रहेंगे। रहवासियों ने जल्द ही कलेक्टर से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और आशंकाओं से अवगत कराने का निर्णय लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा