तपती गर्मी में राहत: तहसील परिसर में शुरू हुआ नया प्याऊ घर

 


तहसील परिसर में शुरू हुआ नया प्याऊ घर, लोगों को मिलेगा ठंडा पेयजल

धमतरी, 12 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिला अधिवक्ता संघ धमतरी ने तहसील परिसर में मंगलवार को नए प्याऊ घर की शुरुआत कर जनसेवा का सराहनीय उदाहरण पेश किया है। अब तहसील कार्यालय आने वाले लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।

प्याऊ घर के शुभारंभ अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पीयूष तिवारी सहित क्षेत्र के तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अधिवक्ता संघ की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि गर्मी के इस दौर में यह व्यवस्था आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि तहसील कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने राजस्व और कानूनी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। शुभारंभ के दौरान अधिकारियों ने स्वयं पेयजल ग्रहण कर व्यवस्था का शुभारंभ किया।

गौरतलब है कि कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने गर्मी की शुरुआत में ही सार्वजनिक स्थलों, कार्यालय परिसरों और बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर प्याऊ और मटका रखने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में जिलेभर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। जनहित और सेवा भावना से जुड़ी यह पहल गर्मी में लोगों को राहत देने के साथ सामाजिक संवेदनशीलता का भी संदेश दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा