जिला अस्पताल में मिली राहत, तीन डॉक्टरों की सेवाएं फिर शुरू
धमतरी, 03 सितंबर (हि.स.)। जिला अस्पताल में लंबे समय से बनी चिकित्सकों की कमी के बीच मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अस्पताल में पूर्व में पदस्थ रहे तीन मेडिकल ऑफिसरों ने दोबारा अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। इनमें डॉ. महिमा, डॉ. चंचल और डॉ. प्रवेश शामिल हैं। बताया जा रहा है कि तीनों चिकित्सक निर्धारित बॉन्ड अवधि पूरी नहीं होने के कारण वापस लौटे हैं।
इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) से एक और चिकित्सक डॉ. योगेश साहू की पदस्थापना की गई है, जिनके ज्वाइन करने का इंतजार है। वहीं पीजी की पढ़ाई के लिए गए जिला अस्पताल के पांच डॉक्टरों के भी जल्द वापस लौटने की संभावना जताई जा रही है। चिकित्सकों की कमी के कारण जिला अस्पताल में मरीजों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ ही मेडिकल ऑफिसरों की कमी भी लंबे समय से बनी हुई है। ऐसे में तीन डॉक्टरों की वापसी और एनएचएम से नए चिकित्सक की पदस्थापना से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को कुछ हद तक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जिला अस्पताल में धमतरी शहर के अलावा बालोद और कांकेर जिले के समीपस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण उपलब्ध चिकित्सकों पर भी लगातार काम का दबाव बना रहता है। ऐसे में डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सोनोग्राफी मशीन मेंटेनेंस के लिए भेजी, जांच प्रभावित: इधर जिला अस्पताल की सोनोग्राफी मशीन को मेंटेनेंस के लिए भेजे जाने से जांच व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। मशीन के सोमवार तक वापस आने की संभावना है। अस्पताल में इस मशीन से प्रतिदिन करीब 20 से 22 गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी जांच की जाती है। मशीन के बंद होने से गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल के सीएचएमओ डॉ. यूएल कौशिक ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिला अस्पताल में चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। डॉक्टरों की वापसी और नई पदस्थापना से आने वाले दिनों में अस्पताल की सेवाओं में सुधार की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा