अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रिलायंस एवं फ्लोरेन्स कॉलेज के विद्यार्थियों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

 




धमतरी, 19 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एवं फ्लोरेन्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग, लिमतरा धमतरी के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को लक्ष्मी ग्रीन कॉलोनी में योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर क्षेत्र में विभिन्न योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनका उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के तहत नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा सुबह सामूहिक योगाभ्यास आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया और उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर रिलायंस कॉलेज के प्राचार्य संजय कुमार लाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा जीवन में सकारात्मकता लाने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। अंत में सभी के स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में फ्लोरेन्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य विनोद कुमार डेविड, शिक्षक टोपेश्वर कंवर, भारती साहू, मीनाक्षी साहू, आशीष साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा