समय पर राशन मिलने से जया देवी के परिवार को राहत, बच्चों की पढ़ाई पर दे पा रहीं ध्यान
बलरामपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सुरक्षा योजना के तहत पात्र परिवारों को नियमित खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। आज शनिवार को वार्ड क्रमांक 11 निवासी जया देवी के परिवार ने बताया कि हर महीने समय पर राशन मिलने से भोजन की चिंता कम हुई है और घर के बजट को दूसरी जरूरतों के लिए संभालना आसान हुआ है।
जया देवी को शासकीय उचित मूल्य दुकान से हर महीने चावल, चना और नमक नियमित रूप से मिल रहा है। इससे परिवार की रोजमर्रा की भोजन संबंधी जरूरतें पूरी हो रही हैं। राशन पर होने वाले खर्च में बचत से बच्चों की पढ़ाई और घर की अन्य जरूरतों पर भी ध्यान देना संभव हो रहा है।
जया देवी ने बताया कि पहले हर महीने राशन का इंतजाम करना बड़ी चिंता होती थी। अब उचित मूल्य दुकान से समय पर खाद्यान्न मिलने से घर चलाने में काफी मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि नियमित राशन से परिवार को आर्थिक राहत के साथ भोजन को लेकर भी सुकून मिला है।
शासन के अनुसार, इन खाद्यान्न योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों तक नियमित रूप से खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है। इससे परिवारों की खाद्य सुरक्षा मजबूत करने के साथ रोजमर्रा के खर्च में भी राहत मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय