रिफॉर्म उत्सव के माध्यम से जमीनीस्तर तक पहुंचेगा वाटरशेड विकास सुधार
बलौदाबाजार, 3 अक्टूबर (हि.स.)। भारत सरकार एवं राज्य सरकार एक साथ मिलकर ‘रिफॉर्म उत्सव’ के माध्यम से नागरिक-केंद्रित वाटरशेड विकास सुधारों को ग्रामीण समुदायों तक पहुँचाने का प्रयास कर रही है।
15 अक्टूबर को विकासखंड कसडोल अंतर्गत ग्राम मड़वा स्थित पाठशाला में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। रिफॉर्म उत्सव के अंतर्गत मृदा एवं जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य वाटरशेड विकास से जुड़े सुधारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा सामुदायिक स्वामित्व को मजबूत करना है।
जन योजना अभियान (पीपीसी) ‘सबकी योजना, सबका विकास’ के साथ एकीकृत किया जा रहा है। इस अवसर पर परियोजना-स्तरीय ग्राम पंचायतों एवं ग्रामीण समुदायों को वाटरशेड विकास से जुड़े सुधारों, उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, जनभागीदारी एवं सामुदायिक स्वामित्व को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
पिछले 12 वर्षों के दौरान वाटरशेड विकास कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। जिसमें प्रमुख रूप से बेहतर प्रावधान- बेहतर परिणाम, जल्द काम- जल्द परिणाम, उन्नत कृषि उपकरण, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं पौधों से किसानों की आय में वृद्धि एवं वाटरशेड विकास को जन आंदोलन बनाना है।
कृषि विभाग द्वारा जिला एवं परियोजना स्तर पर योजना को क्रियान्वित कर रही फील्ड-स्तरीय मशीनरी को सक्रिय करने तथा ‘रिफॉर्म उत्सव’ में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। 'रिफॉर्म उत्सव’ के माध्यम से ग्रामीण समुदायों को वाटरशेड विकास में हुए सुधारों, उनके लाभों तथा समुदाय की भूमिका के बारे में जानकारी दी जाएगी। ग्राम सभाओं के माध्यम से स्थानीय स्तर पर संवाद और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि वाटरशेड विकास से जुड़े कार्यों का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुँच सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर