जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आदतन गुंडा बदमाश राकेश यादव के जिला बदर की अनुशंसा, कलेक्टर को भेजा प्रतिवेदन
जांजगीर-चांपा, 19 जून (हि. स.)। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना नवागढ़ क्षेत्र के आदतन गुंडा बदमाश राकेश यादव के खिलाफ जिला बदर (एक्सटर्नमेंट) की कार्रवाई की अनुशंसा की है। पुलिस ने उसके आपराधिक रिकॉर्ड, गतिविधियों और क्षेत्र में पड़ रहे प्रभाव का विस्तृत परीक्षण करने के बाद रिपोर्ट तैयार कर जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर को भेज दी है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत ग्राम केवा निवासी राकेश यादव के विरुद्ध विस्तृत प्रतिवेदन तैयार किया गया है। पुलिस के अनुसार राकेश यादव पिछले करीब 10 वर्षों से क्षेत्र में अवैध रेती उत्खनन और परिवहन जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से संलिप्त रहा है। इसके अलावा उसके खिलाफ लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने, बलवा करने और शांति भंग करने जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित की लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में आम नागरिकों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। कई मामलों में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास और वर्तमान गतिविधियों का विस्तृत विश्लेषण किया।
जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपित की गतिविधियां सार्वजनिक शांति, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार चुनौती बनी हुई हैं। इसी आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए सभी तथ्यों और आपराधिक मामलों का उल्लेख करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन जिला प्रशासन को सौंप दिया है।
पुलिस का मानना है कि, यदि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसलिए जिला बदर की कार्रवाई के माध्यम से उसकी गतिविधियों पर नियंत्रण लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों, गुंडा बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम जनता की सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT