मिशन मोड में निगम, साल्हेवारपारा में 24 लाख की आरसीसी नाली निर्माण शुरू

 


धमतरी, 10 जुलाई (हि.स.)। शहर को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए नगर निगम का लोक निर्माण विभाग मिशन मोड में कार्य कर रहा है। आमापारा वार्ड में जल निकासी व्यवस्था में सुधार के बाद अब लोक निर्माण विभाग अध्यक्ष विजय मोटवानी ने अन्य वार्डों में भी ऐसी समस्याओं के समाधान की पहल शुरू कर दी है।

इसी क्रम में साल्हेवारपारा वार्ड के सुगम तालाब से पटेल गली तक लगभग 375 मीटर लंबी, तीन फीट चौड़ी आरसीसी नाली का निर्माण 24 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। आज शुक्रवार काे निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए विजय मोटवानी ने एजेंसी को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह नाली वार्ड की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ भविष्य में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। उन्होंने बताया कि महापौर रामू रोहरा के निर्देशन में शहर में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा। उनका कहना था कि आमापारा वार्ड में जल निकासी व्यवस्था में किए गए सुधार को रोल मॉडल बनाकर अन्य वार्डों में भी इसी तरह के कार्य किए जाएंगे, ताकि वर्षों से जलभराव की समस्या झेल रहे लोगों को स्थायी राहत मिल सके और शहर की बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा