आरबीएसके से तीन मासूमों को मिली नई मुस्कान, रायपुर में निशुल्क हुई क्लेफ्ट लिप-पैलेट सर्जरी
बलरामपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के माध्यम से जिले की तीन बच्चियों की कटे होंठ एवं तालु (क्लेफ्ट लिप-पैलेट) की सफल सर्जरी कराई गई। आज बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि तीनों बच्चियों का श्री मेडीशाइन हॉस्पिटल, रायपुर में निशुल्क उपचार कराया गया और सर्जरी के बाद उनकी स्थिति सामान्य है।
सर्जरी कराने वाली बच्चियों में कुसमी विकासखंड के ग्राम गदामी सबाग की छह माह की लीलावती, ग्राम चटनिया कुरडीह की छह माह की कीर्ति नागेसिया और महराजगंज, बलरामपुर की पांच माह की साक्षी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार समय पर उपचार मिलने से बच्चियों को दूध पीने, बोलने और सामान्य विकास में होने वाली संभावित कठिनाइयों से राहत मिलेगी। उपचार के बाद बच्चियों के परिजनों ने शासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया है।
आरबीएसके के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों में जन्मजात विकृतियों सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय