रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर समाज ने किया वीरांगना को नमन
धमतरी, 24 जून (हि.स.)। धमतरी जिले के कुरुद ब्लाक के ग्राम परसवानी में बुधवार को आदिवासी ध्रुव गोंड समाज परिक्षेत्र कुरुद के तत्वावधान में वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने रानी दुर्गावती के अद्वितीय साहस, त्याग, आत्मसम्मान ,और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ज्योति भानु चंद्राकर ने कहा कि समाज की महिलाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार को अपनाना चाहिए। विशिष्ट अतिथि भानु चंद्राकर ने कहा कि उनका संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और मातृभूमि के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। रानी दुर्गावती ने अपने राज्य और सम्मान की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष किया तथा वीरता की अमिट मिसाल कायम की।
समाजसेवी बसंत ध्रुव ने कहा कि, रानी दुर्गावती त्याग, वीरता और आत्मसम्मान की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी हार नहीं मानी और देश व समाज की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान का अनुपम उदाहरण है, जिससे नई पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम को बारी-बारी से संबोधित करने वालों में जीवराखन लाल मरई, माधव सिंह ठाकुर, ललित ठाकुर, लाकेश्वर नेताम, हरिश्चंद्र मंडावी, मंच संचालक द्धय पोखराज नेताम ,राधे लाल मंडावी ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा