सेवा संकल्प अभियान के तहत रंगोली प्रतियोगिता और स्वास्थ्य शिविर, कैंसर से बचाव की दी जानकारी

 




कोरबा, 26 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वर्गीय बिसाहू दास महंत स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध अस्पताल, कोरबा में आज शनिवार काे रंगोली प्रतियोगिता और स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य योजनाओं और जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित संदेशों को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान मरीजों को कैंसर से बचाव, प्रारंभिक पहचान और उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि कैंसर के लक्षण दिखाई देने या बीमारी की आशंका होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। शिविर में कैंसर के उपचार से जुड़ी उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी साझा की गई।

शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा के डीन ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ऐसी गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ आम नागरिकों में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर उपचार के माध्यम से कई गंभीर बीमारियों की रोकथाम और बेहतर उपचार संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी