राजपुर के स्कूलों में 43 बालिका शौचालयों का निर्माण शुरू, छात्राओं ने किया भूमिपूजन
बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)।जनपद पंचायत राजपुर के विद्यालयों में बालिकाओं के लिए 43 शौचालयों का निर्माण शुरू किया गया है। आज शुक्रवार को ग्राम पंचायत नवकी की माध्यमिक शाला और ग्राम पंचायत सिंगचौरा के नेवारपारा स्थित प्राथमिक शाला में छात्राओं ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अपने हाथों से भूमिपूजन कर निर्माण की नींव रखी।
विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) के तहत स्वीकृत इन कार्यों को बालिकाओं की सुविधा और स्वच्छता से जोड़ा गया है। भूमिपूजन में शामिल छात्राएं अपने विद्यालय में अलग शौचालय निर्माण की शुरुआत को लेकर उत्साहित नजर आईं।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को सभी 43 बालिका शौचालयों का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा और बालिकाओं की सुरक्षा, स्वच्छता एवं सम्मान से जुड़े इन कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष विनय कुमार भगत, जनपद सदस्य बसंती साण्डिल्य, जनपद पंचायत सीईओ संजय कुमार दुबे, कार्यक्रम अधिकारी मानसाय सिदार, ग्राम पंचायतों के सरपंच, शिक्षक और ग्रामीण मौजूद रहे। शिक्षकों और ग्रामीणों ने विद्यालयों में बालिकाओं के लिए अलग शौचालयों को सुविधा और स्वच्छता की दृष्टि से उपयोगी बताते हुए इससे छात्राओं की नियमित उपस्थिति में भी मदद मिलने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय