बलरामपुर : रजत जयंती वर्ष में उमड़ा जनउत्साह
बलरामपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य के स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर मनाए जा रहे रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जिले में उत्साह और व्यापक जनभागीदारी का वातावरण है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आदिवासी विकास विभाग द्वारा 18 से 28 फरवरी 2026 तक सभी विकासखंडों में विविध रचनात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जिले में संचालित आश्रम, छात्रावास, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा प्रयास संस्थान में विद्यार्थियों के लिए अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जनजातीय गौरव दिवस के तहत रंगोली, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन, हस्तलेखन प्रतियोगिता, चित्र प्रदर्शनी एवं पारंपरिक आदिवासी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन हुआ। इन कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया, साथ ही राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाई।
दूरस्थ आदिवासी अंचलों में मोबाइल वैन के माध्यम से विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (धरती आबा योजना), प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, जवाहर नवोदय उत्कर्ष योजना तथा अन्तर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही आश्रम/छात्रावास सुविधाएं, प्रयास संस्थान एवं देवगुड़ी सांस्कृतिक दल प्रोत्साहन योजना से संबंधित जानकारी भी साझा की जा रही है।
मोबाइल वैन के जरिए विद्यार्थियों, युवाओं और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह पहल आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय