होली से दीपावली तक रायपुर पुलिस का सुरक्षा चक्र रहा मजबूत, पहली दीपावली शांतिपूर्ण संपन्न

 


त्योहारी सीजन में अपराधियों पर कार्रवाई से लेकर बाजारों की सुरक्षा तक पुलिस की रही पैनी नजर

रायपुर, 10 नवंबर (हि. स.)। त्योहारों की रौनक, बाजारों में उमड़ी भीड़ और सड़कों पर बढ़ती चहल-पहल के बीच रायपुर पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी बखूबी निभाई।

रायपुर कमिश्नरेट के गठन के बाद पहली दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। होली से शुरू हुआ सुरक्षा और व्यवस्था का सिलसिला गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा और अब दीपावली तक लगातार जारी रहा। पुलिस के मुताबिक, इन प्रमुख पर्वों के दौरान कोई बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

त्योहारों से पहले ही तैयार कर ली गई थी सुरक्षा की रणनीति

रायपुर कमिश्नरेट ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पहले से ही व्यापक तैयारियां शुरू कर दी थीं। बाजारों में संभावित भीड़, यातायात के दबाव, संवेदनशील क्षेत्रों और आपराधिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए विशेष कार्ययोजना बनाई गई। अधिकारियों से लेकर थाना प्रभारियों तक को जिम्मेदारियां सौंपकर मैदानी स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

अपराधियों पर शिकंजा, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर

शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने केवल सुरक्षा बल की तैनाती तक ही सीमित न रहते हुए अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई भी की। चाकूबाजी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों की चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। पुलिस की इन प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों का उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को रोकना रहा।

बाजारों में उमड़ा जनसैलाब, पुलिस की मुस्तैदी से बनी रही व्यवस्था

धनतेरस और दीपावली पर शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। अपेक्षा से अधिक आवाजाही के बावजूद पुलिस ने बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभाले रखा। प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। लगातार पेट्रोलिंग और पैदल गश्त के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी गई।

वहीं यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती, जरूरत के मुताबिक यातायात डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की गई, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो।

मैदान में उतरे वरिष्ठ अधिकारी, महिला सुरक्षा को भी दी प्राथमिकता

त्योहारों के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार मैदानी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बनाए रखने के साथ महिला सुरक्षा एवं आम नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। परिस्थितियों के अनुसार तत्काल दिशा-निर्देश देकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा गया।

पुलिस ने नागरिकों के सहयोग को बताया महत्वपूर्ण

रायपुर कमिश्नरेट ने त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में सहयोग देने वाले नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों का आभार व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों का सहयोग और सकारात्मक सहभागिता महत्वपूर्ण रही।

होली से दीपावली तक लगातार प्रमुख पर्वों का शांतिपूर्ण आयोजन रायपुर कमिश्नरेट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया है। पुलिस ने सभी के सहयोग से शहर में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि, रायपुर कमिश्नरेट के गठन के बाद यह पहली दीपावली थी। होली से लेकर गणेशोत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली तक सभी प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी। इसके लिए पुलिस ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और सुनियोजित कार्ययोजना तैयार की थी।

उन्होंने कहा कि धनतेरस एवं दीपावली के दौरान बाजारों में अपेक्षा से अधिक भीड़ होने के बावजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के साथ यातायात, महिला सुरक्षा एवं आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि किसी भी त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में पुलिस के प्रयासों के साथ आम नागरिकों का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं व्यापारिक संगठनों ने जिस तरह सहयोग दिया, उसके लिए रायपुर कमिश्नरेट सभी का आभारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर