रायपुर में 7-8 अक्टूबर को रोजगार मेला, आठ हजार से अधिक पदों पर भर्ती
बलरामपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। रोजगार की तलाश कर रहे बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के युवाओं के लिए रोजगार का अवसर उपलब्ध होने जा रहा है। 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। रिक्त पदों की संख्या आगे बढ़ने की भी संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों और संस्थानों में उपलब्ध पदों के लिए युवाओं को अवसर मिलेगा। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के युवाओं से रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है।
इच्छुक युवा रोजगार मेले में उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी प्राप्त करने के बाद ई-रोजगार पोर्टल पर अपना पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए ई-रोजगार पोर्टल (https://reference-url-citation.invalid/0) पर जाकर पंजीयन किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय