रायपुर केंद्रीय जेल में सुरक्षा बढ़ाने के लिए मुलाकात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव

 


रायपुर, 31 जुलाई (हि. स.)। केंद्रीय जेल रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जेल प्रशासन ने बंदियों से मुलाकात के दौरान दैनिक उपयोग की कुछ वस्तुओं के प्रवेश संबंधी व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन किया है।

जेल प्रशासन के अनुसार, पिछले माह मुलाकात के दौरान कुछ लोगों ने दैनिक उपयोग की सामग्री में प्रतिबंधित वस्तुएं छिपाकर जेल के भीतर पहुंचाने का प्रयास किया था। लेकिन सघन तलाशी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते सभी प्रयास नाकाम रहे। मौके पर प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

इन घटनाओं के मद्देनजर जेल प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित वस्तुओं की उपलब्धता जेल कैंटीन के माध्यम से सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, अन्य सभी स्वीकृत सामग्री पूर्व की तरह निर्धारित नियमों के तहत परिजन उपलब्ध करा सकेंगे।

जेल अधीक्षक ने बताया कि, यह व्यवस्था केवल अस्थायी रूप से लागू की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य जेल परिसर में प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाना और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, जेल कैंटीन में उपलब्ध कराई जाने वाली सभी सामग्री गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होगी और उनकी कीमतें सामान्य बाजार दरों से कम रखी गई हैं, ताकि बंदियों के परिजनों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर