बारिश ने खोली नपा की तैयारियों की पोल, कुरूद की सड़कें और गलियां बनीं तालाब

 






धमतरी, 05 जुलाई (हि.स.)। धमतरी जिले के नपा कुरुद नगर में रविवार काे कई घंटों तक हुई तेज बारिश ने नगर पालिका की वर्षा पूर्व तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। बारिश के दौरान नगर की प्रमुख सड़कें, गलियां और वार्ड जलमग्न हो गए, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बारिश से पहले नालियों की समुचित सफाई और जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था की गई होती, तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। बारिश के बीच नगर पालिका की टीम ने कई स्थानों पर जाम नालियों को खोलकर पानी निकासी का प्रयास किया, जिसके बाद धीरे-धीरे जलभराव कम हुआ। वार्ड क्रमांक 10 की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक रही। स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पहली ही बारिश में यह हाल है, तो आगामी दिनों में होने वाली लगातार बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। उनका आरोप है कि विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे और प्रचार-प्रसार तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं कमजोर नजर आ रही हैं।

नगर के नागरिक कमलेश ध्रुव ने कहा कि यदि वर्षा ऋतु से पहले नालियों की नियमित और व्यापक सफाई कराई जाती, तो नगरवासियों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नागरिकों को यह कहकर आश्वस्त किया जाता रहा कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं, जबकि पहली ही बारिश ने वास्तविक स्थिति उजागर कर दी। इसी दौरान कन्हैया ठाकुर के घर के पास नाली जाम हो जाने से आसपास के क्षेत्र में पानी भर गया और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर की प्रमुख सड़कों और बाजार क्षेत्र में जलभराव से यातायात भी प्रभावित रहा। नागरिकों ने नगर पालिका से मांग की है कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई और वर्षा पूर्व ठोस कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि आगामी बारिश में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा