सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अवैध क्लीनिकों पर होगी छापेमार कार्रवाई, जिला स्तरीय समिति गठित
जांजगीर चांपा/सारंगढ़-बिलाईगढ़, 27 नवंबर (हि. स.)।जांजगीर चांपा जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और बिना वैध पंजीयन चिकित्सा कार्य करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य शासन के निर्देश पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों की जांच कर अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई करेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव द्वारा गठित समिति नर्सिंग होम एक्ट के प्रावधानों के तहत चिकित्सा संस्थानों के पंजीयन, संचालन की अनुमति, चिकित्सकों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता, प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच करेगी। निर्धारित मापदंडों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों तथा बिना आवश्यक योग्यता के चिकित्सा कार्य करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ छापेमार कार्रवाई कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने कहा कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता और वैध पंजीयन के उपचार करना लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। कई बार जानकारी के अभाव में लोग अनधिकृत व्यक्तियों से इलाज करा लेते हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं बढ़ सकती हैं। इसी को देखते हुए जिले में जांच और कार्रवाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों अथवा विधिवत पंजीकृत निजी अस्पतालों में ही उपचार कराएं। निजी अस्पताल में इलाज कराने से पहले संस्थान के पंजीयन और चिकित्सक की वैध योग्यता की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इसके साथ ही कहीं भी अवैध चिकित्सा गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें।
जिला प्रशासन के अनुसार जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य जांच, दवाइयां एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण और जांच जारी रहेगी। नर्सिंग होम एक्ट के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों और व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT