शराब घोटाला मामले में शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी

 


बलौदाबाजार, 20 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की।

जांच टीम ने सुबह-सुबह बलौदाबाजार शहर के कान्हा विहार इलाके में स्थित प्रसिद्ध शराब ठेकेदार अहिंदर सिंह बलिहार के निवास और अन्य कारोबारी ठिकानों सहित उससे जुड़े अन्य स्थानों पर की गई। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई घंटों तक दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार दोपहर तक चली इस कार्रवाई के दौरान कारोबारी के आय-व्यय, व्यवसायिक गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की विस्तृत पड़ताल की गई है ।

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां इस कार्रवाई के दौरान छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं। सूत्रों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड के आधार पर कारोबारी के विभिन्न लेनदेन और संपर्कों की पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा