धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी के घर और कार्यालय में छापेमार कार्रवाई, 16 लाख रुपये नगद व अन्य दस्तावेज जब्त

 


कवर्धा, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले में हुए कथित धान घोटाले मामले में पुलिस ने अब तक 6 एफआईआर दर्ज की है। जांच के तहत पुलिस लगातार आरोपिताें के घरों और कार्यालयों में दबिश देकर अहम साक्ष्य जुटा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस ने लोहारा धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी गंगादास मानिकपुरी के घर और कार्यालय में छापेमार कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान पुलिस को 16 लाख रुपये नगद, बैंक पासबुक, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज एवं कार्यालय में रखा कंप्यूटर मिला, जिन्हें जब्त कर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धान घोटाले से जुड़े अन्य नामजद आरोपिताें के घरों और कार्यालयों में भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपिताें की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

जिले में धान घोटाले को लेकर पुलिस की लगातार कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे प्रकरण में आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल