राधानगर और बड़ा बाजार सेमीफाइनल में पहुंचे, क्वार्टर फाइनल में दर्ज की जीत
बलरामपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। किसान समृद्धि फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 के तहत शुक्रवार को धनपुरी स्कूल मैदान में क्वार्टर फाइनल के दो मुकाबले खेले गए। रोमांचक मुकाबलों में राधानगर और बड़ा बाजार ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले मुकाबले में राधानगर ने स्टार-11 को 2-1 से हराया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वहीं दूसरे मैच में बड़ा बाजार ने चंदनपुर को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान में पहुंचे। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद अशोक जायसवाल और समाजसेवी विकास दुबे मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के आयोजन में किसान समृद्धि फुटबॉल टूर्नामेंट समिति के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, उपाध्यक्ष राजकुमार, सचिव विजय कुशवाहा, महासचिव अनिल सिंह, कोषाध्यक्ष संदेश प्रजापती, उपकोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह सहित समिति के सदस्यों का योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय