पेय पदार्थों की गुणवत्ता जांच में जुटा विभाग, कई नमूने संकलित

 




धमतरी, 23 अप्रैल (हि.स.)।भीषण गर्मी में पेय पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में बिक रहे पानी, बर्फ और जूस की गुणवत्ता को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में टीम ने नगरी और धमतरी शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर बर्फ, पानी और जूस के नमूने जांच के लिए संकलित किए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिले में बिक रहे पैकेज्ड पेयजल, बर्फ, कोल्डड्रिंक और जूस की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभागीय टीम लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर नमूने संकलित कर रही है। जिन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है वहां सीलबंद करने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा ने बताया कि टीम ने 16 अप्रैल को नगरी ब्लाक के ग्राम सांकरा के तरार बर्फ फैक्ट्री का निरीक्षण कर आइस वाटर (बर्फ पानी) का नमूना जांच के लिए संकलित किया है। इसके बाद नगरी के बजरंग चौक के पास राकेश रोशन चुस्की आइसक्रीम सेंटर से बर्फ का नमूना जांच के लिए संकलित किया। इस दौरान संचालक को आम लोगों के स्वस्थ को ध्यान में रखते हुए साफ-स्वच्छ और गुणवत्तायुक्त बर्फ का उपयोग करने की चेतावनी दी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने 21 अप्रैल को शहर के कर्मा चौक स्थित एक किराना दुकान से बिसलेरी पानी के एक बोतल जांच के लिए संकलित कर परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी फनेश्वर पिथौरा ने बताया कि बिसलेरी के पानी बोतल के स्वाद में अंतर की शिकायत मिली थी। शीघ्र ही मौके पर पहुंचकर एक बोतल पानी नमूना के तौर पर संकलित कर जांच के लिए भेजा गया है। इसके बाद रत्नाबांधा से गुंडरदेही मार्ग पर संचालित सोनकर जूस सेंटर से गन्ना और आम जूस का नमूना जांच के लिए संकलित किया।

अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने जिले के जूस संचालकों को आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ताजा जूस बेचने, उच्च गुणवत्ता का बर्फ उपयोग करने तथा जूस में किसी भी प्रकार के रंगों का उपयोग न करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील की है कि वे पानी बोतल और पानी पाउच खरीदते समय बैच नंबर, एफएसएसएआई नंबर, निर्माण और अवसान तिथि देखकर ही खरीदे। साथ ही स्थानीय ब्रांड को प्राथमिकता देने की सलाह दी ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में कार्रवाई में सहायता मिल सके। उन्होंने गन्ना और आम जूस को ताजा ही सेवन करने की भी अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा