अवैध क्लीनिक और मेडिकल स्टोर पर प्रशासन की कार्रवाई, दो संस्थान सील

 


बलरामपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों और स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। राजपुर और बलरामपुर अनुभाग में राजस्व, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए आज शनिवार को एक अवैध क्लीनिक और एक मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।

राजपुर अनुविभाग के ग्राम चरगढ़ में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व देवेन्द्र प्रधान के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने दीनानाथ द्वारा संचालित क्लीनिक का निरीक्षण किया। टीम ने क्लीनिक संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और वैधानिक अनुमति की जांच की। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर क्लीनिक को नियमानुसार सील कर दिया गया।

इसी तरह बलरामपुर अनुभाग के ग्राम जवाहर नगर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग की टीम ने अनुज मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर में एक्सपायरी डेट की दवाइयां मिलीं। टीम ने संबंधित दवाइयों को जब्त कर स्वास्थ्य विभाग के सुपुर्द किया और मेडिकल स्टोर को सील कर दिया।

प्रशासन के अनुसार जिले में अवैध क्लीनिक, मेडिकल स्टोर और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना वैध अनुमति या आवश्यक चिकित्सकीय पात्रता के स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने तथा दवाइयों से संबंधित निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उपचार के लिए केवल अधिकृत एवं पंजीकृत स्वास्थ्य संस्थानों और योग्य चिकित्सकों की सेवाएं लें। किसी भी अवैध क्लीनिक या संदिग्ध चिकित्सा गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय