रायपुर : ऑटो-ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने की शुरुआत, 15 दिन में 15 हजार से अधिक वाहनों का पंजीयन, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में उपलब्धि दर्ज
रायपुर, 27 जून (हि.स.)। राजधानी रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नरेट ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है।
शनिवार को कालीबाड़ी स्थित यातायात कार्यालय परिसर में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों पर क्यूआर कोड चस्पा करने के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बताया गया कि, 20 मई 2026 से शुरू किए गए पहले चरण में ऑटो और ई-रिक्शा वाहनों का ऑनलाइन पंजीयन अभियान चलाया गया था। महज 15 दिनों में 15,047 ऑटो एवं ई-रिक्शा का डिजिटल पंजीयन कर रायपुर देश का पहला जिला बन गया, जिसने सार्वजनिक परिवहन वाहनों का इतना बड़ा डिजिटल रजिस्ट्रेशन अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। इस उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया है। कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने पुलिस अधिकारियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि, शहर में संचालित सभी पंजीकृत ऑटो एवं ई-रिक्शा पर क्यूआर कोड लगाया जाएगा। यात्री यात्रा से पहले या यात्रा के दौरान मोबाइल कैमरे से क्यूआर कोड स्कैन कर चालक एवं वाहन की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, वहीं किसी सामान के वाहन में छूट जाने की स्थिति में वाहन चालक या मालिक से संपर्क करना भी आसान होगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि, वे केवल क्यूआर कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा का ही उपयोग करें। इससे न केवल सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित होगी, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान यातायात, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा विषयों पर तैयार की गई लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। इन जागरूकता फिल्मों का प्रसारण सोशल मीडिया, शहर के एलईडी स्क्रीन, मॉल तथा पीवीआर सिनेमाघरों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सुरक्षा संबंधी संदेश पहुंच सके।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, डीसीपी उत्तर मयंक गुर्जर, डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल, डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला, एडीसीपी मुख्यालय अर्चना झा, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल विवेक शुक्ला सहित यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा नारायणा हॉस्पिटल के सीईओ युवराज खेमका, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, ऑटो यूनियन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में चालक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सीमा अहिरवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर