धमतरी में सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने आठ फीट लंबे अजगर का किया रेस्क्यू
धमतरी, 01 नवंबर (हि.स.)। ग्राम रुद्री निवासी सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने शनिवार की देर शाम को नगर निगम के दानीटोला वार्ड स्थित फिल्टर प्लांट से अजगर सांप का रेस्क्यू किया। सांप को पकड़े जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को यहां कार्यरत कर्मचारियों को फिल्टर प्लांट के चेंबर के नीचे अजगर सांप दिखाई दिया। सांप देखते ही कर्मचारी हड़बड़ा गए। तत्काल उन्होंने मोबाइल के माध्यम से सर्प मित्र को इसकी सूचना दी। सूचना पर रुद्री से तुरंत पहुंचे सर्प मित्र सूर्यकांत साहू ने आठ फीट अजगर सांप का रेस्क्यू किया। कर्मचारियों ने बताया कि सही समय पर अजगर को पकड़ लिया गया है यदि इसे नहीं पकड़ा जाता तो यह फिल्टर प्लांट के मशीन में घुस सकता था जिससे इसके कटने की आशंका बनी हुई थी। कर्मचारियों ने सर्पमित्र का आभार माना।
उल्लेखनीय है कि रुद्री निवासी सर्प मित्र सूर्यकांत कई वर्षों से धमतरी शहर सहित आसपास गांव, कार्यालयों आदि में सांप घुसने की सूचना मिलने पर उन्हें पकड़ने एक फोन पर पहुंच जाते हैं। इन्होंने बताया कि सांप को पकड़कर सुरक्षित जंगलों में छोड़ देते हैं। सांपों को बचाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोग सांप को देखते ही डर जाते हैं। उन्हें मार भी देते हैं। सांप को बचाने का अभियान 2008 से शुरू किया। परिवार वालों के विरोध का सामना भी उन्हें करना पड़ा। सोशल मीडिया के माध्यम से सांप के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने यूट्यूब से जहरीले सांपों को रेस्क्यू करने तरीका भी सीखा। बिना जहर वाले सांपों ने कई बार उन्हें काटा है। अधिकांशतः वे जहरीले सांप का रेस्क्यू करते हैं। सूर्यकांत साहू ने 2008 से सांपों की जान बचाने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक पांच हजार से अधिक सांपों की जान बचाकर जंगल में छोड़ा है।
सर्प मित्र सूर्यकांत काहू ने कहा कि प्रकृति में हर जीव का अपना अलग महत्व है पर्यावरण संतुलन के लिए सांपों का रहना भी आवश्यक है। किसी भी स्थिति में सांप को नहीं मारना चाहिए बल्कि इसे जंगल में छोड़ देना चाहिए अधिकांश लोग जागरूकता के अभाव में सांपों को अपना दुश्मन मान लेते हैं और उसे मार देते हैं जो कि सही नहीं है। सांप भी प्रकृति का हिस्सा है। जीव - जंतुओं का संरक्षण और संवर्धन करना हम सबकी जिम्मेदारी होनी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा